कांड्रा/ Bipin Varshney स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों के लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई है. 01 सितंबर से कांड्रा स्टेशन पर दो एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू होगा. रेलवे ने इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है जिससे क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है.

रेलवे की अधिसूचना के अनुसार ट्रेन संख्या 18615 हटिया हावड़ा एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 18616 हावड़ा हटिया (क्रिया योगा एक्सप्रेस) अब कांड्रा स्टेशन पर दोनों ओर से ठहरेगी. इसी तरह ट्रेन संख्या 13287 आरा से दुर्ग जाने वाली दक्षिण बिहार एक्सप्रेस और 13288 दुर्ग से आरा जाने वाली दक्षिण बिहार एक्सप्रेस का भी ठहराव कांड्रा स्टेशन पर होगा.
कोरोना काल के बाद इन ट्रेनों सहित कांड्रा स्टेशन पर सभी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को समाप्त कर दिया गया था. इसके बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन शुरू किया. धरना, प्रदर्शन और लगातार ज्ञापन के बाद आखिरकार रेलवे को झुकना पड़ा और पांच वर्षों के लंबे इंतजार के बाद दो ट्रेनों के ठहराव की बहाली हुई है.
लोगों की मांग पांच एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर थी जिनमें से दो को मंजूरी मिली है. हालांकि टाटा कटिहार एक्सप्रेस, टाटा जम्मू तवी एक्सप्रेस और टाटा धनबाद स्वर्णरेखा एक्सप्रेस का ठहराव अभी भी लंबित है. इसके लिए आंदोलन जारी रहेगा.
पिछले दिनों चक्रधरपुर डीआरएम कार्यालय में आयोजित DRUCC बैठक में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के प्रतिनिधि मनोज कुमार महतो ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था. उस पर डीआरएम तरुण हुरिया ने सकारात्मक आश्वासन दिया था. अब मंजूरी मिलने के बाद जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रेलवे प्रशासन का आभार जताया है और लोगों को बधाई दी है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
