साहिबगंज: जिले के राजमहल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक भाई ने अपने ही सौतेले भाई की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. जिसने भी इस घटना के बारे में सुना, उसके रोंगटे खड़े हो गए.

घटना मधुसूदन कॉलोनी की बताई जा रही है. बताया जाता है कि अहले सुबह मोहल्ले में अचानक महिलाओं की चीख-पुकार गूंज उठी. आवाज इतनी भयावह थी कि लोगों को अनहोनी की आशंका होने लगी. जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक एक भाई ने अपने ही कमजोर भाई को मौत के घाट उतार दिया.
जानकारी के अनुसार, आरोपी गुड्डू महतो ने किसी बात को लेकर अपने सौतेले भाई धर्मा महतो की लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी. गंभीर रूप से घायल धर्मा को परिजन इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के मालदा ले जा रहे थे. लेकिन रास्ते में ही धर्मा ने दम तोड़ दिया.

मृतक के भाई दीपक महतो ने बताया कि गुड्डू महतो पहले भी धर्मा को घर खाली करने और जान से मारने की धमकी दे चुका था. घटना के दिन घर के पास काली पूजा का आयोजन चल रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुड्डू महतो ने लाठी उठा ली और धर्मा की बेरहमी से पिटाई कर दी.
सिर में गंभीर चोट लगने के कारण धर्मा मौके पर ही अचेत हो गया. खून से लथपथ अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, मगर इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई.
स्थानीय लोगों ने बताया कि गुड्डू महतो का यह पहला मामला नहीं है. वह पहले भी कई बार विवादों और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है. इलाके के कई लोग उसके डर से अपना घर छोड़कर जा चुके हैं.
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. धर्मा महतो अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है. सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.

