सरायकेला/ Pramod Singh जिले में गृह रक्षक नव नामांकन के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा में मंगलवार को कुकड़ू प्रखंड के अभ्यर्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित परीक्षा के दौरान युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिला.


परीक्षा के दौरान उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने संयुक्त रूप से शारीरिक परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया. साथ ही लिखित परीक्षा केंद्र का भी जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सभी अभ्यर्थियों के साथ सहयोगात्मक और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया समयबद्ध, सुव्यवस्थित और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न होनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या पक्षपात की गुंजाइश न रहे.
उपायुक्त ने अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए सभी व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने का निर्देश दिया. वहीं एसपी ने परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैनात पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए.
परीक्षा स्थल पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, शौचालय और पंडाल सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी. संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.
इस अवसर पर अभिनव प्रकाश, समीर सवैया, पूजा कुमारी, अविनाश कुमार सहित गृह रक्षा वाहिनी के अधिकारी और अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे.

