रांची: महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार समेत अन्य लोगों की मौत पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश जारी कर इसे अत्यंत हृदयविदारक बताया है.

सीएम हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में लिखा कि महाराष्ट्र के बारामती में प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री आदरणीय श्री अजीत पवार जी समेत अन्य लोगों के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अजीत पवार का अचानक निधन महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है. मुख्यमंत्री ने दिवंगत अजीत पवार तथा अन्य मृतकों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की. साथ ही शोकाकुल परिजनों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की.
महाराष्ट्र में हुए इस विमान हादसे में अजीत पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत की खबर सामने आई है. घटना के बाद देशभर के राजनीतिक दलों और नेताओं की ओर से शोक संदेश जारी किए जा रहे हैं. वहीं, इस दुर्घटना को लेकर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की ओर से जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

