हजारीबाग: जिले के चरही थाना क्षेत्र अंतर्गत सीसीएल की तापीन नॉर्थ कोल परियोजना में उग्रवादियों ने बीती रात बड़ी घटना को अंजाम दिया. जहां टीपीसी उग्रवादी संगठन से जुड़े हथियारबंद दस्ते ने आरकेएस कंपनी के छह मालवाहक वाहनों में आग लगा दी. वहीं, मौके पर मौजूद ऑपरेटरों के साथ जमकर मारपीट की गई.

उग्रवादियों ने कंपनी प्रबंधन को काम बंद करने की चेतावनी दी. साथ ही परियोजना स्थल पर कई जगह पोस्टर चिपकाए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने बताया कि हमलावरों की संख्या दर्जनों में थी और वे पूरी योजना के साथ घटना को अंजाम देने पहुंचे थे.
सूचना मिलते ही चरही थाना पुलिस और सीआईएसएफ के जवान घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ- साथ पोस्टरों को जब्त कर लिया है. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

