हजारीबाग: पुलिस को मंगलवार को एक बड़ी सफलता मिली. जहां पेट्रोल पंप लूट की साजिश रच रहे तीन अपराधियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था.

टीम ने मिशन रोड स्थित मजार के पास वाहन चेकिंग शुरू की. इस दौरान बिना नंबर प्लेट वाली एक्टिवा स्कूटी पर सवार दो युवकों को देखकर पुलिस ने तुरंत रोकने का प्रयास किया और दोनों को पकड़ लिया. गिरफ्तार युवकों की पहचान रितेश कुमार यादव (देवरिया खुर्द, केरेडारी) और पंकज कुमार (बांका, कटकमदाग) के रूप में हुई. तलाशी में उनके पास से एक देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल और स्कूटी बरामद किए गए.
पूछताछ में पंकज कुमार ने 15 अगस्त को खिरगांव स्थित पेट्रोल पंप प्रबंधक से हुई लूट में शामिल होने की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पेट्रोल पंप कर्मी राहुल कुमार (कटकमदाग) को भी गिरफ्तार किया. राहुल के पास से लूट की रकम 50,000 रुपये बरामद हुई. जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार अभियुक्त कई मामलों में पहले से वांछित हैं. रितेश यादव के खिलाफ केरेडारी थाना में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है, जबकि पंकज कुमार पर सदर और बड़ा बाजार थाने में लूट और हथियार से जुड़े कई मुकदमे लंबित हैं.
इस कार्रवाई में एसडीपीओ अमित आनंद, बड़ा बाजार ओपी प्रभारी पंकज कुमार, पुअनि. सुधीर कुमार सहित तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल की टीम शामिल थी. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और आगे की जांच जारी है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
