हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व और तेजी से की गई कार्रवाई का नतीजा यह रहा कि बरही थाना क्षेत्र में 16 नवंबर की रात हुई बड़ी लूट की वारदात का खुलासा पुलिस ने मात्र 24 घंटे में कर लिया. बरही चौक स्थित जय माता दी ज्वेलर्स के संचालक अपने दुकान के सोना-चांदी के जेवरात चार बैग में भरकर कार में रख रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग करते हुए कार का शीशा तोड़ दिया और सभी बैग लूटकर फरार हो गए. इस मामले में बरही थाना कांड संख्या 439/25 दर्ज किया गया था.

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ बरही के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल गठित किया गया. टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचनाओं के आधार पर छापेमारी अभियान शुरू किया. जांच के क्रम में पुलिस ने सबसे पहले उन व्यक्तियों का पता लगाया जिन्होंने अपराधियों को स्कॉर्पियो वाहन उपलब्ध कराया था. इसी कड़ी में इन्द्रराज चौधरी को रांची से पकड़कर पूछताछ की गई. उसकी निशानदेही पर हंटरगंज के मायापुर से स्कॉर्पियो वाहन और एक देसी कट्टा बरामद किया गया.
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को सूचना मिली कि इस लूटकांड के मुख्य आरोपी शेरघाटी की ओर भागने की कोशिश कर रहे हैं. एसआईटी ने चोरहदाहा चेकपोस्ट पर एंटी- क्राइम चेकिंग लगाई और इस दौरान दो अपराधियों धनंजय चौधरी और रौशन यादव को गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से लूटे गए सोने- चांदी के जेवरात, हथियार, KTM बाइक सहित लगभग डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण बरामद किए गए.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल वारदात का सफल उद्भेदन हुआ बल्कि बड़े आपराधिक गिरोह का भी पर्दाफाश हो गया. पूरे मामले में हजारीबाग पुलिस की तेज और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की जा रही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
