हजारीबाग: बरही थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अपहरणकांड का हजारीबाग पुलिस ने महज चार घंटे में खुलासा कर दिया. पुलिस ने अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

करसो गांव निवासी विनोद सिंह ने इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी बिनोद कुमार को सूचना दी थी कि उनके पुत्र सौरभ कुमार उम्र 22 वर्ष का अज्ञात अपराधियों ने कार से अपहरण कर लिया है. इसी दौरान अपहरणकर्ताओं ने सौरभ कुमार के मोबाइल से पांच लाख रुपये फिरौती की मांग भी की थी.
सूचना मिलते ही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने पुलिस अधीक्षक को मामले से अवगत कराया और बरही थाना में सनहा दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी बिनोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी शाखा की मदद से छापेमारी कर डुमरी थाना क्षेत्र (जिला गिरिडीह) से रात करीब 1:45 बजे अपहृत सौरभ कुमार को सकुशल बरामद कर लिया.
पुलिस ने इस दौरान अपहरणकर्ता अरुण कुमार उर्फ अरुण पाठक (37 वर्ष), पिता कुलदीप पाठक तेलो निवासी थाना चंद्रपुरा, जिला बोकारो को गिरफ्तार किया. उसके पास से एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने अपराधियों की योजना को नाकाम कर दिया.
विशेष टीम के पदाधिकारी रात के अंधेरे में भी अपहरणकर्ताओं का पीछा करते रहे. इस दौरान कुछ अधिकारी चोटिल भी हुए, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपहृत को सुरक्षित छुड़ा लिया. उनकी बहादुरी को देखते हुए अलग से पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई है.
एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि मांगी गई फिरौती की रकम में से 17 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे गए थे, जिससे पुलिस को अपहरणकर्ताओं तक पहुंचने में मदद मिली. घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

