हजारीबाग: जिले के चलकुशा थाना क्षेत्र अंतर्गत मनैया पंचायत के बनगांवा गांव में हाथियों के झुंड ने एक ग्रामीण को कुचल कर मार डाला. मृतक की पहचान 55 वर्षीय सरयू साव, पिता खागो साव, निवासी बनगांवा के रूप में हुई है. घटना उस समय घटी जब वह जंगल से फूटका उठाने गया था. हाथियों के झुंड के हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये का मुआवजा दिया. विभाग ने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से शीघ्र ही चार लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा प्रदान किया जाएगा. घटना से मृतक के परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है.

घटना की जानकारी पाकर प्रमुख प्रतिनिधि दीपक चौधरी, मुखिया लखिया देवी और केदार यादव पीड़ित परिवार से मिले और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समय चार हाथियों का झुंड बनगांवा जंगल में डेरा डाले हुए है. वन विभाग के संटू कुमार और सिकंदर कुमार सहित अन्य कर्मियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुरक्षा के मद्देनज़र फिलहाल जंगल में न जाएं.
वहीं, चलकुशा थाना प्रभारी सूर्यकांत कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

