हजारीबाग: शुक्रवार को एक महिला ने झील परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा किया. महिला ने अपने प्रेमी द्वारा इग्नोर किए जाने के बाद झील के किनारे पहुंचकर जोर- जोर से रोना शुरू कर दिया और आत्महत्या की धमकी देने लगी. यह देखकर वहां लोगों की भीड़ लग गई. महिला ने पूरे झील परिसर को हंगामे में बदल दिया.

पुलिस को सूचना मिलने के बाद लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने झील के आसपास सुरक्षा घेरा बना लिया और महिला को समझाने का प्रयास किया. लेकिन महिला किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी.
करीब दो घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद महिला बेहोश हो गई, जिसे पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल भेजा. डॉक्टरों के अनुसार, महिला की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है.
पुलिस ने महिला के परिवार से संपर्क किया है और मामले की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि महिला पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं. पति से अलग वह अपने प्रेमी के साथ विगत 2 वर्षों से रह रही थी, लेकिन प्रेमी ने उसे इग्नोर करना शुरू कर दिया था.

