हजारीबाग: जिले के बरही प्रखंड में डायन- बिसाही के नाम पर एक विधवा महिला के साथ अमानवीय क्रूरता का मामला सामने आया है. पीड़िता ने रविवार रात बरही थाना में शिकायत दर्ज कराई है. घटना 18 जुलाई की रात की बताई जा रही है.

पीड़िता के अनुसार, गांव के सात लोग रात में उसके घर में घुस आए और डायन बताकर उसे निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा. आरोपियों ने उसके शरीर के कई हिस्सों को ब्लेड से चीरकर खून निकाला और उस पर तांत्रिक कर्मकांड किया. यह बर्बरता रात 10 बजे से लेकर सुबह 3 बजे तक चलती रही. इस दौरान आरोपियों ने उससे 20 हजार रुपये भी छीन लिए. 19 जुलाई की सुबह पीड़िता को बोलेरो में बैठाकर बिहार के गया स्थित प्रेतशिला ले जाया गया. वहां उसका सिर मुंडवाया गया और दोबारा मारपीट की गई. इसके बाद रात 10 बजे उसे बरही बाजार में छोड़ दिया गया. रात में अकेले ही वह पैदल अपने घर जरहीया पहुंची. महिला ने हिम्मत कर रविवार रात पुलिस को शिकायत दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

