हजारीबाग: जिले के बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. सिमरा रेस्ट हाउस स्थित पेट्रोल पंप के पीछे ब्राउन शुगर की खरीद- बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित आनंद के नेतृत्व में तथा प्रशिक्षु डीएसपी प्रशांत कुमार की उपस्थिति में छापामारी दल का गठन किया गया.


बरामद ब्रॉउन शुगर और नगदी
छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 38.80 ग्राम ब्राउन शुगर और 10,100 रुपये नकद बरामद किए गए. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. एजाज, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी यासिन गली, खिरागांव, थाना सदर बड़ा बाजार के रूप में हुई है. पूछताछ में अभियुक्त ने ईचाक से ब्राउन शुगर लाकर शहरी क्षेत्र में बिक्री करने की बात स्वीकार की है. इस संबंध में सदर बड़ा बाजार थाना कांड संख्या 46/28 दर्ज कर अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

