हजारीबाग: जिले के चौपारण प्रखंड के ग्राम तेतरिया, पंचायत चैथी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में बड़ा घोटाला सामने आया है. ग्रामीणों ने डीलर रवि वर्णवाल पर जून- जुलाई माह का राशन गबन करने और हेराफेरी का आरोप लगाया है.

ग्रामीणों का कहना है कि डीलर ने ऑनलाइन रसीद तो काटी लेकिन चावल नहीं दिया. विरोध करने पर लाभुकों को अपमानित कर दुकान से भगा दिया गया. गुस्साए ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय तेतरिया में एकत्र होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. शिकायत के बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी भूपनाथ जांच के लिए गांव पहुंचे. जांच में खुलासा हुआ कि 40 लाभुकों से अंगूठा लगवाया गया लेकिन राशन नहीं दिया गया.
ग्राम मुखिया उपेंद्र यादव ने भी ग्रामीणों के आरोपों को सही बताया. ग्रामीणों ने प्रशासन से डीलर को बर्खास्त करने और नए डीलर की नियुक्ति की मांग की है. उनका कहना है कि गरीबों के हक पर डाका डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

