हजारीबाग: जिले के गोरहर थाना अंतर्गत ग्राम बंडासिंगा (तेलीटोला) से पुलिस ने नकली शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि नदियापार (बंडासिंगा) के एक घर में भारी मात्रा में अवैध और नकली शराब का भंडारण किया गया है. सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही, पुलिस निरीक्षक बरकट्ठा और गोरहर थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई.

तलाशी के दौरान आरोपी महेश नायक उर्फ अशोक साव के घर से भारी मात्रा में नकली शराब, केमिकल, सीलिंग मशीन, सैकड़ों खाली बोतलें, ढक्कन और झारखंड सरकार का नकली रेपर बरामद किया गया.
बरामद सामानों में आइकॉनिक, इंपीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग, आफ्टर डार्क ब्लू, एमसी डॉवेल्स जैसी ब्रांड के सैकड़ों बोतल शामिल हैं. साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त केमिकल से भरे जर्किन, स्टील का ड्रम, शील करने वाली मशीन, हजारों ढक्कन, और ब्रांडेड लेबल भी मिले हैं. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य संलिप्त अपराधियों की तलाश में छापामारी जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. छापामारी दल में थाना प्रभारी सोनू कुमार, सहायक निरीक्षक निरंजन प्रकाश, हवलदार श्रवण कुमार उरांव और सशस्त्र बल शामिल थे.

