हजारीबाग: अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने अफीम और डोडा की खरीद- बिक्री में संलिप्त दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई कोर्रा थाना क्षेत्र के कनहरी पहाड़ के समीप की गई.

पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कनहरी हिल के पास अफीम और डोडा की तस्करी होने वाली है. सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
छापामारी दल ने कनहरी हिल के पास वाहन चेकिंग शुरू की. इसी दौरान घरही की ओर से आ रही सफेद रंग की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखकर कार सवार भागने लगे, लेकिन पीछा कर वाहन को पकड़ लिया गया. तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 1.980 किलोग्राम अफीम और 20 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया.
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ईशु कुमार सिंह उर्फ नन्हे और विजय कुमार गुप्ता उर्फ बिक्कु के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मादक पदार्थ खूंटी जिले के तमाड़- रायडीह से लाकर बरही की ओर ले जा रहे थे.
पुलिस ने मौके से 5,500 रुपये नकद, एक स्विफ्ट कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. मामले में संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

