हजारीबाग: पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को नक्सल अभियान में बड़ी सफलता मिली है. झारखंड एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बोकारो- हजारीबाग सीमावर्ती क्षेत्र में चलाए गए विशेष सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों के एक ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की है.

बरामद सामान में दो एसएलआर राइफलें, मैगजीन, बड़ी संख्या में कारतूस, पिट्ठू बैग, कपड़े और दैनिक उपयोग की कई वस्तुएं शामिल हैं. यह बरामदगी नक्सलियों की किसी बड़ी साजिश को नाकाम करने में अहम मानी जा रही है.
हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि यह अभियान गुप्त सूचना के आधार पर चलाया गया था. सूचना मिली थी कि नक्सली संगठन के कुछ सदस्य बोकारो और हजारीबाग की सीमा के जंगल क्षेत्र में सक्रिय हैं. तलाशी के दौरान जंगल में बने एक ठिकाने से यह हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई.

एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि इस अभियान में सीआरपीएफ और झारखंड एसटीएफ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही. बरामद हथियारों से यह स्पष्ट होता है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की तत्परता और संयुक्त कार्रवाई से उनकी साजिश विफल हो गई.
बरामदगी के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में कॉम्बिंग ऑपरेशन तेज कर दिया है. नक्सलियों की संभावित गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जंगलों में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है और सीमावर्ती इलाकों में सघन गश्त जारी है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
