हजारीबाग: बड़ा बाज़ार टीओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत हबीबी नगर में बुधवार को हुए भीषण विस्फोट मामले में एक पुरुष सहित दो महिला की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतकों की पहचान कर ली गई है. पुलिस के अनुसार, विस्फोट में मारे गए मृतकों में 40 वर्षीय सद्दाम हुसैन, उनकी पत्नी 32 वर्षीय नन्ही परवीन और पड़ोस में रहने वाली 45 वर्षीय रशीदा खातून शामिल हैं. हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब कुछ लोग घर के पास स्थित बाड़ी की सफाई कर रहे थे. इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज से पूरा इलाका दहल उठा. धमाके के बाद आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. वहीं, पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
विस्फोट के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है.
पुलिस यह जांच कर रही है कि धमाका किसी विस्फोटक सामग्री के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से. एहतियातन पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम साक्ष्य जुटाकर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

