हजारीबाग: जिले के बरही थाना क्षेत्र के जवाहर घाट में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. जहां अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान बरही अफीम कोठी निवासी सूरज कसेरा (पिता संतोष कसेरा) और सुमित कुमार (पिता स्वर्गीय विजय प्रजापति) के रूप में हुई है.

बताया जाता है कि दोनों युवक बाइक से तिलैया डैम घूमने जा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ. मृतक सूरज कसेरा के पिता ने बताया कि दो माह पूर्व उन्होंने बाइक खरीदी थी. घर में श्राद्ध कार्यक्रम का बारहवां दिन था. वे नहाने गए थे, इसी दौरान उनका बेटा उनके पैकेट से बाइक की चाबी निकालकर निकल गया.
वहीं, मृतक सुमित कुमार की मां ने बताया कि उनका बेटा रियाड़ा स्थित प्लांट में काम करता था. सुबह काम पर गया था लेकिन देर से पहुंचने के कारण गार्ड ने वापस भेज दिया. घर लौटकर टिफिन रख बाहर बैठा था, कब निकल गया पता नहीं चला.
घटना की जानकारी मिलते ही बरही अनुमंडलीय अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था. मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर और बरही थाना के एसआई अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

