सरायकेला: हरियाणा के भिवाड़ी स्थित दिल्ली- जयपुर हाईवे के कापड़ियावास क्षेत्र में सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी की निर्माणाधीन साइट पर हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को 40- 40 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का निर्णय लिया गया है. यह जानकारी स्थानीय सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के हवाले से दी गई है.


इस हादसे में ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बुरुहातु गांव निवासी शिव शंकर सिंह मुंडा की भी मौत हो गई थी. वे आजसू पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता सीमंत सिंह मुंडा के भाई थे. शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर हरियाणा से उनके पैतृक गांव बुरुहातु पहुंचा, जहां ग्रामीणों, परिजनों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो ने बताया कि हादसे के दिन ही पार्टी कार्यकर्ता सीमंत सिंह मुंडा के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी. इसके बाद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ से मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया था, ताकि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और सहायता मिल सके.
बताया गया कि संजय सेठ ने तत्परता दिखाते हुए हरियाणा सरकार तथा हरियाणा और झारखंड के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया. उनके प्रयास से सभी मृतकों के परिजनों को 40- 40 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी. फिलहाल प्रत्येक परिवार को 20- 20 लाख रुपये की अग्रिम मुआवजा राशि भी प्रदान कर दी गई है.
इस संबंध में प्रशासनिक स्तर पर बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, संबंधित क्षेत्र के उपायुक्त अजय कुमार, पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, एसडीएम मानेसर दर्शन यादव तथा सहायक श्रम आयुक्त अनिल शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में मृतकों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर सहमति बनी.

गौरतलब है कि दिल्ली- जयपुर हाईवे के कापड़ियावास क्षेत्र में सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी की निर्माणाधीन साइट पर खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से सात मजदूर मलबे में दब गए थे. घटना के बाद प्रशासन और बचाव दल ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और मलबा हटाकर सभी मजदूरों को बाहर निकाला. बाद में भिवाड़ी के राजकीय जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो ने इस दुखद घड़ी में सहयोग करने और पीड़ित परिवारों को सहायता दिलाने के लिए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया.

