हजारीबाग: पुलिस ने शहर में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले साइको टाइगर समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों में शक्ति गिरी उर्फ साइको टाइगर, मनीष यादव, मुकेश कुमार सोनी, राहुल कुमार वर्मा, शुभम अग्रवाल, गोलू कुमार, रवि रोशन, नीतीश कुमार और बादल कुमार सिंह शामिल हैं.

गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद हुआ हथियार और सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.65 बोर की जिंदा गोली, दो मोबाइल और एक लाल रंग का गमछा बरामद किया है. इसके अलावा एक 9 एमएम का पिस्टल, एक 7.65 पिस्टल, 9 एमएम की 4 जिंदा गोलियां और केएफ 8 एमएम की 3 गोलियां भी बरामद की गई हैं.
पुलिस ने कराई सड़क पर परेड
शहर में व्यवसायियों के बीच बढ़ते भय को कम करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा गिरफ्तार नौ अभियुक्तों को हजारीबाग समाहरणालय से जिला परिषद चौक तक परेड कराते हुए ले जाया गया. इस दौरान शहरवासियों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की.
आरोपियों ने की थी ज्वेलर्स दुकान पर फायरिंग
बता दें कि बीते 22 जून को हजारीबाग के महावीर स्थान स्थित ज्वेलर्स दुकान में दो नकाबपोश अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी थी. इस फायरिंग की जिम्मेदारी उत्तम यादव नामक अपराधी ने सोशल मीडिया पर ली थी. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए एक SIT की गठन की और सघन एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की.

