रांची: गुरुग्राम में हुए दर्दनाक हादसे में झारखंड के जमशेदपुर और ईचागढ़ के छह तथा राजस्थान के भरतपुर के एक श्रमिक की मौत हो गई थी. इस घटना के बाद प्रभावित परिवारों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गुरुग्राम पहुंचकर सभी मृतकों के परिजनों को मुआवजे के रूप में 20- 20 लाख रुपये का चेक सौंपा. इसके साथ ही प्रत्येक परिवार को 20 हजार रुपये की नगद सहायता भी प्रदान की गई. जिस कंपनी में सभी श्रमिक कार्यरत थे, उस कंपनी की ओर से आश्रित परिवारों को रोजगार के लिए ऑफर लेटर भी दिया गया है.
मृतकों के पार्थिव शरीर को एंबुलेंस के माध्यम से उनके पैतृक गांव, झारखंड के जमशेदपुर और ईचागढ़ भेज दिया गया है. इस दौरान जिला प्रशासन और संबंधित कंपनी के अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की.

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया कि उन्होंने इस मामले में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बातचीत की थी. मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन, कंपनी प्रबंधन और प्रभावित परिवारों के बीच वार्ता कर उचित मुआवजे पर सहमति बनाई गई.
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से भी विभिन्न प्रक्रियाओं के तहत प्रत्येक परिवार को 19- 19 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी. इसके लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. उन्होंने जमशेदपुर और सरायकेला- खरसावां के उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि वे गुरुग्राम जिला प्रशासन के संपर्क में रहकर सभी औपचारिकताएं पूरी कराएं, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द सहायता मिल सके.
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके निर्देश और त्वरित पहल के कारण ही प्रभावित परिवारों को समय पर राहत मिल पाई है. उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं.

