गुमला: झारखंड के गुमला पुलिस ने झारखंड जगुआर के साथ संयुक्त अभियान चलाकर जेजेएमपी (झारखंड जनमुक्ति परिषद) के तीन उग्रवादियों को एनकाउंटर में मार गिराया है. मारे गए उग्रवादियों में दो पांच- पांच लाख रुपये के इनामी नक्सली शामिल थे. पुलिस ने घटनास्थल से तीन हथियार भी बरामद किए हैं.

मारे गए नक्सलियों की पहचान लालू लोहरा, छोटू उरांव और सुजीत उरांव के रूप में हुई है. लालू लोहरा लोहरदगा निवासी है. वह सब जोनल कमांडर था. वह पांच लाख का ईनामी था उसके पास से एके-47 बरामद किया गया है. छोटू उरांव लातेहार का रहनेवाला था वह सब जोनल कमांडर था उसपर भी पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था. तीसरा सुजीत उरांव लोहरदगा का रहनेवाला था. संगठन में नया था और कैडर की भूमिका में था.
गुमला एसपी हारिश बिन जमां ने तीनों नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है. यह एनकाउंटर गुमला के बिशनपुर थाना क्षेत्र के केचकी के रगड़ी टोली में हुआ. गुमला पुलिस की इस कार्रवाई से उग्रवादियों के खिलाफ उनकी मुहिम को बड़ी सफलता मिली है. गुमला एसपी हारिश बिन जमां और उनकी टीम ने पिछले महीनों में भी कई नक्सलियों को एनकाउंटर में मार गिराया है. साल 2025 में अब तक आधा दर्जन से अधिक नक्सली मारे जा चुके हैं. पुलिस ने साफ किया है कि उग्रवादियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा.

