गुमला: जिले के सिसई प्रखंड के डड़हा- छारदा रोड पर स्थित कंस नदी पर बना पुल मूसलाधार बारिश के कारण ध्वस्त हो गया. रविवार की रात पुल का एक पिलर बह जाने से पूरा स्पैन टूट कर गिर पड़ा. इससे डड़हा, छारदा, जोरार, लुरगुम समेत आसपास के दर्जनों गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया है.

कंस नदी पर नौ पिलर वाला 200 फीट लंबा यह पुल वर्ष 2010 में करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था. लेकिन महज 14 से 15 वर्षों में ही यह जर्जर होकर गिर गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल की स्थिति पहले से ही खराब थी और पिछले वर्ष 22 अगस्त को इसका एक पिलर धंस गया था.
पुल टूटने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. लोग वैकल्पिक मार्गों से आवाजाही कर रहे हैं, जिससे दूरी और समय दोनों बढ़ गए हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नए पुल के निर्माण की मांग की है.

