जमशेदपुर/ Prerna Ojha समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में मंगलवार को ग्राम सम्पत्ति- डिजिटल एसेट रजिस्टर के संबंध में बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्ण कुमार, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण दीपक सहाय समेत अन्य तकनीकी विभागों के अभियंता और पदाधिकारी उपस्थित थे.

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि विकास योजनाओं की स्थिति की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा सके. इसके लिए प्रत्येक पंचायत और गांव की परिसंपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा. इसमें सड़क, पुल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल भवन, पंचायत भवन, स्वास्थ्य उपकेंद्र, तालाब और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियां शामिल होंगी. यह रिकॉर्ड ग्राम सम्पत्ति- डिजिटल एसेट रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा जिससे विभागीय अधिकारी और आम नागरिक दोनों योजनाओं की अद्यतन स्थिति देख सकेंगे.

उन्होंने कार्यदायी विभागों के अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी परिसंपत्तियों की भौतिक स्थिति का सत्यापन कर निर्धारित समयसीमा में पोर्टल पर डेटा अपलोड करें. उपायुक्त ने कहा कि यह व्यवस्था योजनाओं की पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करेगी. बैठक में अभियंताओं को पोर्टल पर डेटा अपलोड और रिकॉर्ड संधारण से संबंधित तकनीकी जानकारी भी दी गई.

