जमशेदपुर: लोकल ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर संयुक्त ग्राम समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. समिति ने कहा कि टाटानगर के अंतर्गत आने वाले सालगाझुड़ी रेलवे स्टेशन पर पूर्व की भांति सभी लोकल ट्रेनों का ठहराव बहाल किया जाए और यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं.

प्रतिनिधियों ने बताया कि सालगाझुड़ी रेलवे स्टेशन का ऑनलाइन उद्घाटन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 फरवरी 2024 को स्थानीय ग्रामीणों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों की उपस्थिति में किया था, जिसके कारण इस स्टेशन का महत्व और बढ़ जाता है.
इस स्टेशन से रोजाना हजारों दिहाड़ी मजदूर, सब्जी विक्रेता, पत्ता और दतुवन बेचने वाले, फूल व्यवसायी, गरीब लोग और आम यात्री यात्रा करते हैं. बड़ी आबादी होने के बावजूद पिछले कुछ दिनों से डाउन और अप लाइन में चलने वाली कई लोकल ट्रेनों का ठहराव सालगाझुड़ी स्टेशन पर बंद कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. समिति के मुख्य संयोजक राम सिंह मुंडा ने रेलवे प्रशासन से ठहराव बहाल करने और स्टेशन की सुविधाएं बढ़ाने की मांग की है.

