जमशेदपुर: 72 वर्षों से प्रकाशित होने वाले श्रमिक केन्द्रित अख़बार आजाद मजदूर द्वारा घोषित “जीपी कौशल पत्रकारिता पुरस्कार” का दायरा अब विस्तृत कर दिया गया है. पहले यह पुरस्कार केवल कोल्हान प्रमंडल तक सीमित था, लेकिन संतोषजनक प्रविष्टियां नहीं मिलने के कारण इसे पूरे झारखंड राज्य के पत्रकारों के लिए खोल दिया गया है.

अब झारखंड के सभी जिलों के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे. पुरस्कार के लिए इस बार केवल मानवाधिकार पर आधारित रिपोर्ट ही नहीं, बल्कि खोजी पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार और जनहित से जुड़ी खबरें भी मान्य होंगी.
हर प्रतिभागी अपनी प्रकाशित या प्रसारित रिपोर्ट 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच की भेज सकता है. प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है. पुरस्कार के तहत प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, दोनों श्रेणियों से एक एक पत्रकार को चुना जाएगा. प्रत्येक विजेता को दस हजार रुपये और प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा.
प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां kavikumar9@gmail.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अतिरिक्त आजाद मजदूर के न्यू कालीमाटी रोड, साकची, जमशेदपुर स्थित कार्यालय में भी रिपोर्टें जमा की जा सकती हैं.

