सरायकेला/ Pramod Singh प्रखंड के मुरुप स्थित दैवीस्थल माता ठाकुरानी दरह परिसर में रविवार को क्षेत्रीय गौड़ समाज (महालिमोरुप) की ओर से वार्षिक वनभोज सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर क्षेत्रीय गौड़ समाज एवं गौड़ सेवा संघ से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों ने माता ठाकुरानी देवी की विधिवत पूजा-अर्चना कर समाज और परिवार की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की.

वनभोज सह मिलन समारोह के दौरान सामाजिक गतिविधियों, संगठन की मजबूती और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत परिचर्चा की गई. बैठक में आगामी 23 जनवरी को आदित्यपुर के आसंगी में आयोजित होने वाले गौड़ सेवा संघ के 35वें संकल्प दिवस को सफल बनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया. इसके तहत समाज के लोगों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई. साथ ही पुरुषों के साथ महिलाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया.

कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित गौड़ सेवा संघ के केंद्रीय अध्यक्ष पितोवास प्रधान ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए उच्च शिक्षा और आपसी एकजुटता बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि सामाजिक चेतना के बिना समाज संगठित नहीं हो सकता है. इसी उद्देश्य से गौड़ सेवा संघ द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. हाल ही में आयोजित गौड़ जनजागरण रथ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए उन्होंने समाज को शिक्षा के प्रति गंभीर होने का आह्वान किया.
पितोवास प्रधान ने कहा कि वर्तमान आरक्षण रोस्टर की स्थिति को देखते हुए समाज के लोग विधायक, सांसद या मुखिया नहीं बन पा रहे हैं, लेकिन सत्ता के शिखर तक पहुंचने का मार्ग शिक्षा से होकर जाता है. उन्होंने समाज के लोगों से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाकर आईएएस, आईपीएस एवं अन्य उच्च प्रशासनिक पदों तक पहुंचाने का लक्ष्य तय करने का आग्रह किया.
क्षेत्रीय गौड़ सेवा संघ के अध्यक्ष नागेश्वर प्रधान ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए सभी लोगों को एक मंच पर आना होगा. कार्यक्रम को केंद्रीय उपाध्यक्ष हेमसागर प्रधान, अभिमन्यु गोप और नागेश्वर प्रधान ने भी संबोधित किया. समारोह का संचालन जिला सचिव मुरली प्रधान ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन केंद्रीय प्रवक्ता उमाकांत प्रधान ने किया.
कार्यक्रम के अंत में समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण कर वनभोज का आनंद लिया. इस अवसर पर नागेश्वर प्रधान, परमेश्वर प्रधान, जगन्नाथ प्रधान, प्रह्लाद गोप, हेमसागर प्रधान, उमाकांत प्रधान, यशवंत प्रधान, मुरली प्रधान, पंचु प्रधान, आकाश प्रधान, सूर्य प्रधान, अर्जुन प्रधान, भैरव प्रधान, तीर्थो प्रधान, सीतानाथ प्रधान, दीनबंधु प्रधान, शैलेंद्र प्रधान, जगदीश प्रधान सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे.

