गोपालगंज: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले प्रशांत किशोर की पार्टी ‘जन सुराज’ को बड़ा झटका लगा है. गोपालगंज जिले की भोरे विधानसभा सीट से नामांकन के ठीक पहले पार्टी में बगावत फूट पड़ी है. प्रीति किन्नर को उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले से नाराज कार्यकर्ताओं ने पार्टी से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है. नामांकन से महज दो घंटे पहले हुआ यह घटनाक्रम पार्टी के भीतर गंभीर असंतोष और बिखराव की स्थिति को उजागर करता है.

सूत्रों के मुताबिक, स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी नेतृत्व ने भोरे सीट से एक बाहरी उम्मीदवार को टिकट देकर स्थानीय और समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की है. यही वजह है कि जन सुराज के कई वरिष्ठ और सक्रिय कार्यकर्ताओं ने पार्टी से नाता तोड़ लिया.
भोरे के पूर्व प्रमुख पति दिनेश बैठा और पंचायत समिति सदस्य पप्पू मिश्रा के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने जन सुराज का दामन छोड़ते हुए खुले मंच से एनडीए में शामिल होने की घोषणा की. इन सभी ने भोरे के काली मोड़ पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया, जहां उन्होंने वर्तमान जेडीयू विधायक एवं शिक्षा मंत्री के कार्यों की सराहना की और भाजपा-जेडीयू गठबंधन पर भरोसा जताया.
राजनीतिक पर्यवेक्षकों के मुताबिक, यह बगावत जन सुराज पार्टी के लिए गंभीर झटका है. सामूहिक इस्तीफे से न केवल संगठन कमजोर हुआ है, बल्कि प्रशांत किशोर की “नई राजनीति” की अवधारणा पर भी सवाल उठ खड़े हुए हैं.
पार्टी सूत्रों का मानना है कि प्रशांत किशोर के “प्रयोगात्मक टिकट वितरण” ने स्थानीय नेताओं में असंतोष पैदा किया है. भोरे सीट से प्रीति किन्नर को उम्मीदवार बनाना एक साहसिक कदम माना जा रहा था, लेकिन इससे संगठनात्मक एकता पर असर पड़ा. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि प्रशांत किशोर अपने ही बनाए राजनीतिक समीकरणों में उलझते नजर आ रहे हैं.
फिलहाल जन सुराज नेतृत्व ने इस सामूहिक इस्तीफे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. लेकिन यह स्पष्ट है कि नामांकन से ठीक पहले हुई इस बगावत ने प्रशांत किशोर की चुनावी रणनीति को झटका दे दिया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
