चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार जारी है. ताजा मामला गोइलकेरा प्रखंड के कुईडा पंचायत अंतर्गत सिर्जनकोचा गांव का है, जहां बीती रात एक दंतैल हाथी ने गर्भवती महिला को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया.
मृतका की पहचान 30 वर्षीय रानी बोयपाई के रूप में हुई है.

बताया जा रहा है कि रात के समय हाथी अचानक गांव में घुस आया, जिससे इलाके में अफरा- तफरी मच गई. इससे पहले कि महिला खुद को सुरक्षित कर पाती, हाथी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और पटककर मार डाला.
घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख निरुमणी कोड़ा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी. वहीं वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.
वन विभाग के रेंजर राम नंदन राम के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मृतका के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की. इसके साथ ही प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है.
घटना के बाद सिर्जनकोचा गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर भगाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

