गोड्डा: जिले में दिल दहला देने वाली ट्रिपल मर्डर की घटना सामने आई है. देवदांड थाना क्षेत्र के डांगा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई. जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.


जानकारी के अनुसार हमलावरों ने पति, पत्नी और उनके बच्चे पर हमला कर तीनों की हत्या कर दी. मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस टीम घटनास्थल पर कैंप कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हत्या की वजह जमीन विवाद बताई जा रही है. वहीं स्थानीय स्तर पर कुछ लोग डायन- बिसाही के शक को भी घटना से जोड़कर देख रहे हैं. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा.

