गोड्डा (Ashish Kumar) गोड्डा जिले के पथरगामा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. जहां पुलिस ने पथरगामा थाना अंतर्गत बंशीपुर पहाड़ी समीप बीते 7 दिसंबर को हुए लूटकांड मामले का खुलासा करते हुए दो अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देसी कट्टा, लूटा गया मोटरसाइकिल, ड्राइविंग लाइसेंस, लूटी गई बाईक का नम्बर प्लेट, लूटा गया बैग और चार हजार रुपए नगद बरामद किया है. गिरफ्तार में आए अपराधियों का नाम संतोष कुमार और सरगुन रविदास बताया जा रहा है.
बता दें कि लूटपाट की घटना को लेकर एसपी के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया था. जिसका नेतृत्व एसडीपीओ गोड्डा कर रहे थे. इसी क्रम में बंसीपुर पहाड़ी के पास चेकिंग के दौरान अभियुक्त संतोष कुमार को एक लोडेड देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया, उसके पास पथरगामा थाना क्षेत्र से 7 दिसंबर को छीना गया मोटरसाइकिल बरामद किया गया. साथ ही इसके घर से लूटा गया ड्राइविंग लाइसेंस एवं 4 हजार रूपये नगद बरामद किया गया. टीम द्वारा लूट कांड में संलिप्त सरगुन रविदास को रजौन से गिरफ्तार किया गया तथा उसके पास से बसंतराय थाना क्षेत्र में 16 दिसंबर को छीना गया बैग एवं मोटरसाइकिल का एक नंबर प्लेट बरामद किया गया है. दोनों अभियुक्ति ने अपने बयान में लूट तथा तीनों कांड में अपनी संलिप्तता बताई है. अभियुक्त सरगुन कुमार दास का रजौन थाना क्षेत्र में लूट एवं अन्य कांडों में अपराधिक इतिहास रहा है.

