रांची: गोवा के एक नाइट क्लब में रविवार रात हुए भीषण अग्निकांड में झारखंड के तीन मजदूरों की मौत हो गई है. इस हादसे में खूंटी जिले के गोविंदपुर गांव निवासी एतवा मुंडा के 19 वर्षीय पुत्र मोहित मुंडा की मौत हो गई है. वहीं रांची जिले के लापुंग प्रखंड के फतेहपुर गांव निवासी धनेश्वर महतो के पुत्र प्रदीप महतो (24 वर्ष) और विनोद महतो (22 वर्ष) की भी जान चली गई है.

जानकारी के अनुसार तीनों युवक मजदूरी करने के लिए गोवा गए थे. रविवार रात वे उत्तर गोवा के अरपोरा गांव स्थित एक नाइट क्लब में गए हुए थे. इसी दौरान क्लब में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग लग गई और अफरा-तफरी मच गई. आग की चपेट में आने से तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही खूंटी के गोविंदपुर और रांची के फतेहपुर गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और दोनों गांवों में शोक का माहौल है. स्थानीय ग्रामीण राहुल केसरी ने बताया कि तीनों युवक साथ में गोवा गए थे और हादसे का शिकार हो गए.
स्थानीय ग्रामीण शिवकुमार केसरी ने कहा कि झारखंड में रोजगार की कमी के कारण युवाओं को बाहर जाना पड़ता है. पहले भी बाहर कमाने गए कई युवकों के साथ हादसे हो चुके हैं. अब फिर तीन युवकों की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है. ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि राज्य में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि युवाओं को दूसरे राज्यों में जाकर अपनी जान जोखिम में न डालनी पड़े.

