रोहतास: जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है. जहां प्रेम प्रसंग में खटास आने के बाद प्रेमिका ने प्रेमी के सामने ही सोन बराज के उफनते पानी में छलांग लगा दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संझौली की रहने वाली रिया सिंह दरिहट में अपने बुआ के यहां आई हुई थी. यहां उसका प्रेम प्रसंग दरिहट के ही एक युवक नीरज शर्मा से चल रहा था. बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था. रविवार को दोनों इंद्रपुरी बराज घूमने पहुंचे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि युवती रिया सिंह ने अचानक सोन बराज के तेज बहाव वाले पानी में छलांग लगा दी.
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती के प्रेमी नीरज शर्मा को हिरासत में ले लिया है. इधर, डेहरी के एएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन कर रहे हैं. एएसपी ने बताया कि प्रेम संबंध में खटास आने के बाद युवती ने यह कदम उठाया. फिलहाल युवती की तलाश के लिए बचाव दल लगाया गया है और सर्च ऑपरेशन जारी है.

