गिरिडीह: पुलिस ने साइबर ठगी के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने 8 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, दो बाइक, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए हैं. गिरफ्तार साइबर अपराधियों की पहचान गांडेय थाना क्षेत्र के धरलेटो गांव निवासी खुर्शीद अंसारी, देवघर जिले के चेतनारी निवासी आलमगीर अंसारी और देवघर जिला के झिलुआ निवासी मो. शराफत अंसारी के रूप में हुई है.

इस संबंध में गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार ने प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी. एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से गुप्त सूचना मिली थी कि गांडेय थाना क्षेत्र के कच्छेल गांव के तेलखरी जंगल के आसपास कुछ साइबर अपराधी मोबाइल फोन के जरिए ठगी की गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं. सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी आबिद खान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने छापेमारी कर तीनों साइबर अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे गूगल पर फर्जी मोबाइल नंबर डालकर विभिन्न सर्विस कंपनियों के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से ठगी करते थे. इसके अलावा एयरटेल पेमेंट बैंक के अधिकारी बनकर, विभिन्न बैंकों के वॉलेट से संबंधित फर्जी एपीके फाइल लिंक भेजकर और अन्य कई तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. इतना ही नहीं, ये अपराधी अन्य साइबर अपराधियों को फर्जी एटीएम कार्ड और सिम कार्ड भी उपलब्ध कराते थे.

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में भी मामले दर्ज हैं. मो. शराफत अंसारी के खिलाफ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर थाना में साइबर अपराध का मामला दर्ज है, जिसमें वह पूर्व में जेल भी जा चुका है. इसके अलावा उत्तराखंड के रुद्रपुर थाना में भी उसके खिलाफ ऑनलाइन शिकायत दर्ज है. शराफत अंसारी ने साइबर ठगी के जरिए करीब 60 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की है और उसके पास महिंद्रा एक्सयूवी कार भी है. वहीं आलमगीर अंसारी ने भी साइबर ठगी से करीब 25 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बनाई है. एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ गिरिडीह पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और जिले से साइबर अपराध को पूरी तरह खत्म करने तक यह अभियान जारी रहेगा. छापेमारी अभियान में साइबर डीएसपी आबिद खान, साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत, पुलिस निरीक्षक गुंजन कुमार, रामप्रवेश यादव, संजय कुमार मुखियार, अमरनाथ प्रसाद, संदीप कुमार वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

