गिरिडीह: जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र के बसेरिया निवासी रमेश दास के घर में 13 जुलाई की रात हुई चोरी की घटना का खुलासा पुलिस ने कर लिया है. इस संबंध में पचम्बा इंस्पेक्टर मंटू कुमार और थाना प्रभारी राजीव कुमार ने प्रेसवार्ता कर पूरी जानकारी दी.

पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बेंगाबाद के खुटरीबांध निवासी सुनील यादव और दूसरा पचम्बा थाना क्षेत्र के कोयरीटोला निवासी दिलीप यादव शामिल है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल गैता (औजार), एक जोड़ा चांदी का पायल और एक चांदी की चेन बरामद की है. घटना के बाद रमेश दास की ओर से थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने गुप्त सूचना, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहयोग के जरिए छापेमारी कर दोनों आरोपियों को धर-दबोचा. इंस्पेक्टर मंटू कुमार ने बताया कि पुलिस की तत्परता से चोरी की इस घटना का त्वरित उद्भेदन संभव हो सका है और आगे भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.

