गिरिडीह: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पालमो गांव में गुरुवार की सुबह पुरानी रंजिश को लेकर खूनी वारदात हो गई. आरोप है कि सहदेव दास और मांझिल दास ने पूरण दास के घर में घुसकर टांगी और डंडे से हमला कर दिया. इस हमले में पूरण दास गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना के संबंध में घायल पूरण दास के बेटे राहुल कुमार दास ने बताया कि घर में नवरात्रा का पाठ चल रहा था. वह अपने जीजा चंदन दास के साथ तालाब से नहा कर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में सहदेव दास और मांझिल दास ने चंदन के साथ गाली- गलौज की. किसी तरह विवाद शांत कराया गया और सभी घर लौट आए. लेकिन थोड़ी देर बाद सहदेव और मांझिल दास टांगी और डंडे लेकर अचानक पूरण दास के घर में घुस आए और ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

इस घटना में पूरण दास बुरी तरह घायल हो गए. उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है. खबर लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष द्वारा मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत की प्रक्रिया जारी थी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं गांव के माहौल को बिगाड़ देती हैं. उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर डेरा डाले हुए है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

