गिरिडीह: जिले के पीरटांड थाना क्षेत्र के हरलाडीह गांव में शुक्रवार की रात मवेशी चोरी करते दो युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए. जानकारी के अनुसार, दोनों युवक चार पहिया वाहन से मवेशी चोरी कर रहे थे. ग्रामीणों ने जब उन्हें रंगेहाथ पकड़ा तो मौके पर अफरा- तफरी मच गई. इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़कर रस्सी से उनके हाथ बांध दिए और उनकी जमकर पिटाई कर दी.

ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिनों से क्षेत्र में मवेशी चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं, जिससे लोग पहले से सतर्क थे. शुक्रवार की रात जैसे ही संदिग्ध वाहन गांव में घुसा, ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दी और दोनों युवकों को पकड़ लिया. इस दौरान चार पहिया वाहन को भी ग्रामीणों ने जब्त कर लिया, जिसमें मवेशी ले जाए जा रहे थे.

घटना की सूचना मिलते ही पीरटांड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया और वाहन को जब्त कर थाने ले गई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूछताछ में जुटी है.

