जमशेदपुर: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 को लेकर मंगलवार सुबह से मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय (मीडिया कोषांग) से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे तक कुल 34.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है.

सुबह के मुकाबले अब मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ बढ़ने लगी है. गांवों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक लोग उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं. विशेष रूप से महिलाओं और पहली बार वोट डालने वाले युवा मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है.
प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं. पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती मतदान केंद्रों पर की गई है. हर बूथ पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और माइक्रो ऑब्जर्वर निगरानी कर रहे हैं.
अधिकारियों ने बताया कि दोपहर तक मतदान प्रतिशत में और वृद्धि की संभावना है. निर्वाचन पदाधिकारी लगातार मतदान केंद्रों की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं. मतदान के दौरान अब तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है और मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है.

