घाटशिला: सामाजिक कार्यकर्ता और प्रगति महिला समाज दर्पण संस्थान की प्रमुख रेणुका सिंह ने गुरुवार को घाटशिला के कई इलाकों का दौरा कर लोगों से दिवंगत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन को वोट देकर एक मौका देने की अपील की.

इस दौरान रेणुका सिंह ने अपने संगठन की महिलाओं के साथ मिलकर मतदाताओं को जागरूक किया और कहा कि सोमेश सोरेन जनता की आवाज़ बनकर विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण पर काम करेंगे. उन्होंने पार्टी और नेताओं की तुलना करते हुए कहा, “हेमंत नहीं आंधी हैं, झारखंड का गांधी हैं.” साथ ही लोगों से कहा कि वे पारिवारिक पकड़ और वादों के बजाय असली बदलाव पर ध्यान दें.

प्रगति महिला समाज दर्पण की ओर से किए गए सार्वजनिक आग्रह में संगठन की महिला कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया. महिलाओं ने मतदाताओं से अनुरोध किया कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी दिखाते हुए सोमेश सोरेन को विजयी बनाने के लिए मतदान करें. संगठन ने आश्वस्त किया कि अगर मौका मिला तो सोमेश सोरेन ग्रामीण एवं शहरी स्तर पर महिला सशक्तिकरण, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दों पर ठोस काम करेंगे.
स्थानीय लोगों ने इस पहल को सकारात्मक बताया और कहा कि महिलाओं द्वारा किए गए यह जनसंपर्क अभियान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और इससे उम्मीदवार के पक्ष में जनसमर्थन मिलने की उम्मीद बढ़ी है.

