जमशेदपुर/ Afroz Mallik घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने सभी शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने अनुज्ञप्ति में अंकित शस्त्रों को 15 अक्टूबर 2025 तक संबंधित थाना में अनिवार्य रूप से जमा कराएं. यह कदम चुनाव के दौरान स्वतंत्र, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि तक शस्त्र जमा नहीं कराने वाले अनुज्ञप्तिधारियों के विरुद्ध नियम संगत कार्रवाई की जाएगी. साथ ही जमा किए गए शस्त्रों की पावती रसीद जिला सामान्य शाखा में उपलब्ध कराना भी अनिवार्य होगा. इस निर्देश के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

