गयाजी: जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिस ने लंबे अंतराल के बाद बड़ी कार्रवाई की है, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है. शनिवार को वजीरगंज एसडीपीओ सुनील कुमार पांडे के नेतृत्व में मुफस्सिल थाना और टनकुप्पा थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने छापेमारी कर 18 ट्रैक्टर जब्त किए हैं.


यह कार्रवाई मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बकरी फार्म भदेजी के पास की गई. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन और ढुलाई की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद तड़के सुबह इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की गई.
कार्रवाई के दौरान बालू लदे और ढुलाई में लगे ट्रैक्टरों को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि खनन माफिया फरार हो गए. एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि जब्त ट्रैक्टरों पर माइनिंग विभाग द्वारा नियमानुसार जुर्माना लगाया जा रहा है, जिसकी राशि एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.
इसके साथ ही अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि खनन माफिया हो या शराब माफिया, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस की इस कार्रवाई से जहां माफियाओं में डर का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने इसे सराहनीय कदम बताया है.

