गयाजी: शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र से लापता चारों लड़कियों को पुलिस ने दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है. डेल्हा थाना की विशेष टीम चारों लड़कियों को लेकर गया वापस लौट आई है. फिलहाल सभी लड़कियां पुलिस कस्टडी में हैं और आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी. सभी लड़कियों का बयान कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा.

इस पूरे मामले का खुलासा डीएसपी टाउन-2 धर्मेंद्र भारती ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया. उन्होंने बताया कि चारों लड़कियां एक-दूसरे को पहले से जानती थीं और एक ही मोहल्ले की रहने वाली हैं. इनमें से दो लड़कियों के बीच लंबे समय से गहरा संबंध था, जबकि बाकी दो उनकी सहेलियां थीं, जो दोस्ती निभाने के लिए उनके साथ चली गईं.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चारों लड़कियां घर से मोबाइल फोन लेकर नहीं निकली थीं. रास्ते में वे अलग-अलग लोगों से मोबाइल लेकर अपने परिजनों से संपर्क करती रहीं, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला. पुलिस को शुरू से ही संदेह था कि लड़कियां जानबूझकर अपनी पहचान और यात्रा का रास्ता छिपा रही हैं.
बताया गया कि लड़कियां गया से पहले बक्सर पहुंचीं और फिर वहां से दिल्ली चली गईं. दिल्ली पहुंचने के बाद दो लड़कियों ने पहचान छिपाने के लिए लड़कों का वेश धारण कर लिया. बाल कटवाकर जींस और स्वेटर पहनने के कारण वे दो बार पुलिस टीम के सामने से निकल गईं. हालांकि तकनीकी निगरानी और सतर्कता के बाद पुलिस ने आखिरकार चारों लड़कियों को बरामद कर लिया.
डीएसपी धर्मेंद्र भारती ने बताया कि इस मामले का सफल उद्भेदन करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा वरीय अधिकारियों को भेजी जा रही है.

