गयाजी: अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, गया पर सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विदेशी नागरिक को हिरासत में लिया है. यह यात्री थाई एयरवेज की फ्लाइट से गया से बैंकॉक जाने वाला था. उड़ान से पहले प्रस्थान गेट पर की जा रही सघन जांच के दौरान उसके बैग से एक संदिग्ध और अत्याधुनिक जीपीएस ट्रैकर बरामद किया गया.

जानकारी के अनुसार चिली का नागरिक बेसली एंड्रेस फरफान थाई एयरवेज की उड़ान संख्या टीजी-328 से बैंकॉक रवाना होने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था. चेक-इन के बाद जब सीआईएसएफ ने उसके बैग को एक्स-रे मशीन से स्कैन किया, तो भीतर संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक उपकरण दिखाई दिया. शक के आधार पर बैग की फिजिकल जांच की गई, जिसमें गर्मिन कंपनी का हाईटेक जीपीएस ट्रैकर मिला.
जब सीआईएसएफ अधिकारियों ने यात्री से इस उपकरण को ले जाने से संबंधित वैध अनुमति, दस्तावेज या सरकारी मंजूरी मांगी, तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. पूछताछ में वह यह भी स्पष्ट नहीं कर पाया कि वह जीपीएस ट्रैकर किस उद्देश्य से अपने साथ ले जा रहा था.
सीआईएसएफ अधिकारियों के अनुसार, बिना अनुमति इस तरह के ट्रैकिंग उपकरण को अंतरराष्ट्रीय उड़ान में ले जाना विमानन सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है. मामले की गंभीरता को देखते हुए यात्री को हिरासत में लेकर स्थानीय मगध मेडिकल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है. फिलहाल जिला पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.

