गम्हरिया: सरायकेला जिले के गम्हरिया स्थित विजयश्री ऑटोकॉम लिमिटेड के खिलाफ श्रमिकों ने मोर्चा खोल दिया है. पूर्व श्रमिक मानिक प्रमाणिक और राजकुमार सिंह ने कंपनी प्रबंधन पर उत्पीड़न, बकाया वेतन नहीं देने और श्रम कानूनों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया है.

मामले को लेकर श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर ने कंपनी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था. हालांकि कंपनी प्रबंधन संतोषजनक जवाब देने में विफल रहा. इसके बाद श्रम अधीक्षक ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि निर्धारित समयावधि में श्रमिकों का बकाया भुगतान नहीं किया गया तो कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
श्रमिकों का आरोप है कि कंपनी न्यूनतम मजदूरी अधिनियम का पालन नहीं करती है. साथ ही पीएफ और ईएसआई जमा करने में अनियमितता बरती जा रही है. उनका कहना है कि लगातार श्रम अधिनियमों की अनदेखी की जा रही है, जिससे कर्मचारियों का शोषण हो रहा है.
इधर श्रमिकों ने जिला उपायुक्त नितीश कुमार सिंह से मिलकर न्याय की गुहार लगाने का निर्णय लिया है. उनका कहना है कि वे अपने अधिकारों के लिए कानूनी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद रखते हैं.
यह मामला जिले में औद्योगिक इकाइयों में श्रमिक अधिकारों को लेकर एक बड़ा प्रश्न खड़ा कर रहा है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है.

