गम्हरिया/Bipin Varshney. सतर्कता जागरूकता सप्ताह- 2025 के अंतर्गत “भ्रष्टाचार मुक्त भारत- विकसित भारत” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड, जमशेदपुर द्वारा शुक्रवार को एक भव्य वॉकथॉन का आयोजन किया गया.

यह वॉकथॉन पावरग्रिड गम्हरिया परिसर से प्रारंभ होकर उषा मोड़ तक निकाला गया, जिसमें पावरग्रिड के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए. प्रतिभागियों ने पूरे मार्ग में “भ्रष्टाचार हटाओ, देश बचाओ” तथा “ईमानदारी ही सच्ची देशभक्ति है” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया.
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से ईमानदारी, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया. राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए पावरग्रिड द्वारा किए जा रहे सतर्कता प्रयासों की प्रशंसा की.
इस अवसर पर पावरग्रिड जमशेदपुर के मानव संसाधन प्रभारी सह प्रबंधक बिभु नारायण ने कहा कि सतर्कता केवल एक सप्ताह का अभियान नहीं, बल्कि यह हमारे कार्य-संस्कार और जीवन मूल्यों का हिस्सा है. पावरग्रिड सदैव पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही के सिद्धांतों पर कार्य करता है. हमें गर्व है कि हमारे अधिकारी और कर्मचारी इस अभियान को जन-जन तक ले जा रहे हैं. वॉकथॉन के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सतर्कता की शपथ ली और यह संकल्प दोहराया कि वे अपने कार्यों में सदैव पारदर्शिता, निष्ठा और ईमानदारी बनाए रखेंगे.
यह आयोजन न केवल कर्मचारियों में नैतिकता और जिम्मेदारी की भावना को सशक्त करता है, बल्कि समाज में भी सतर्कता एवं सुशासन के मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम साबित हुआ.

