गम्हरिया: प्रखंड अंतर्गत रापचा पंचायत के तिलका चौक मुर्गाघुटू, बीरबांस पंचायत के चोड़ा तथा दुग्धा पंचायत के मुरूमडीह समेत आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न संगठनों द्वारा वीर शहीद बाबा तिलका माझी की जयंती धूमधाम से मनायी गयी.

रापचा पंचायत के मुर्गाघुटू स्थित बाबा तिलका चौक पर रापचा एवं बुरूडीह पंचायत के कई गांवों के माझी बाबा और नायके बाबा एकत्रित हुए. सभी ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इससे पूर्व पारंपरिक रीति- रिवाज से पूजा- अर्चना कर क्षेत्र की सुख- समृद्धि और खुशहाली की कामना की गयी. इस अवसर पर समिति अध्यक्ष लखी बेसरा, सुकराम टुडू, धनीराम बेसरा समेत कई गांवों के माझी बाबा उपस्थित थे.
वहीं बीरबांस पंचायत के चोड़ा गांव में देश पारगाना फकीर मोहन टुडू सहित स्वशासन व्यवस्था के प्रतिनिधियों ने वीर तिलका माझी की प्रतिमा पर पारंपरिक विधि से पूजा-अर्चना की. इसके बाद माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी.
कार्यक्रम में दुगनी पीड़ परगना दिवाकर सोरेन, कार्जी लखीराम हांसदा, सालखान सोरेन, जगदीश सोरेन, पीड़ परगना राजेश टुडू, संग्राम मार्डी, शिवराम बास्के, माझी बाबा राजेश कुमार हांसदा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
जिला परिषद सदस्य शंभू मंडल भी चोड़ा पहुंचकर तिलका माझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर नुना राम हांसदा, विकल हांसदा, लालू हांसदा, दुर्गा हांसदा, संजय हांसदा, रतन टुडू, रोविन हांसदा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे.
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाबा तिलका माझी के बलिदान और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया.

