गम्हरिया/ Parmeshwar Gorai टायो रोल्स लिमिटेड के खाली पड़े क्वार्टरों में अस्थायी रूप से रह रहे 10 परिवार बिजली और पानी की समस्या से जूझ रहे हैं. मंगलवार को इन्होंने सीओ से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा. इसके माध्यम से इंसाफ दिलाने की मांग की है.

दरअसल, इन परिवारों के पुराने क्वार्टरों में गंभीर संरचनात्मक क्षति (दीवारों में बड़ी दरार) के कारण सुरक्षा को देखते हुए सभी ने कंपनी के खाली पड़े क्वार्टर A-111 से A-120 में शिफ्ट होने का फैसला लिया था.
प्रभावित लोगों ने बताया कि इस संदर्भ में पूर्व में भी कंपनी प्रबंधन को सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गई है. इससे परिवारों को रात के अंधेरे और पानी की किल्लत के बीच गुजर- बसर करनी पड़ रही है. लोगों ने कहा कि बिजली- पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं मानवीय मूल्य और जीवन जीने के न्यूनतम अधिकार के तहत आवश्यक हैं. समस्या के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. सभी प्रभावित परिवारों ने कंपनी प्रबंधन से शीघ्र बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था बहाल करने की मांग की है ताकि वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक ढंग से जीवन व्यतीत कर सके. ज्ञापन देने वालों में शिव शंकर शर्मा, गौतम कुमार महतो, समीरण महतो, मनोज कुमार, दिनेश महतो, परेश महतो, प्रदीप कुमार घोष, साईबू महतो, असित कुमार ठाकुर, निरंजन महतो आदि शामिल थे.

