गम्हरिया/ Bipin Varshney थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान शिवानी गोराई के रूप में हुई है. घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

मृतका के पिता मंतोष गोराई ने आवेदन में बताया है कि उनकी पुत्री की शादी 26 नवंबर 2025 को गम्हरिया निवासी आशीष गोराई, पिता सुभाष गोराई के साथ हुई थी. आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी.
आवेदन के अनुसार 3 मार्च 2026 को बेटी ने फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने की सूचना दी थी. 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12.30 बजे जब परिजन ससुराल पहुंचे तो युवती पंखे से लटकी हुई मृत अवस्था में मिली. परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या है.
मृतका के पिता ने पति आशीष गोराई, ससुर सुभाष गोराई, सास सुप्रिया गोराई और अन्य ससुराल पक्ष के सदस्यों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
इधर गम्हरिया थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है.

