गम्हरिया: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार शाम ढलते ही क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. शिव काली मंदिर समेत छोटा गम्हरिया निर्मल पथ, मुड़कुम और नवागढ़ स्थित मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं.

मंदिरों को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूल-मालाओं से भव्य रूप दिया गया. श्रद्धालु हाथों में बेलपत्र, धतूरा, दूध और गंगाजल लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए कतारबद्ध नजर आए. महिलाओं, युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया.
कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण का आयोजन भी किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया. देर रात तक श्रद्धालुओं का आना-जाना जारी रहा.
बुरूडीह में 351 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ दो दिवसीय शिव विवाहोत्सव शुरू
गम्हरिया प्रखंड के बुरूडीह पंचायत स्थित प्राचीन शिव मंदिर बुरूडीह में कलश स्थापना के साथ दो दिवसीय शिव विवाहोत्सव अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया.
इसके तहत 351 महिला श्रद्धालुओं ने सुवर्णरेखा नदी के पंप हाउस घाट से भव्य कलश यात्रा निकाली. महिलाएं सिर पर कलश लेकर मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन करते हुए मंदिर परिसर पहुंचीं. वहां विधि-विधान से कलश स्थापना कर पूजा-अर्चना आरंभ की गई.
आयोजन समिति के अनुसार सोमवार को प्रीतिभोज का आयोजन किया जाएगा, जिसके साथ अनुष्ठान का समापन होगा. प्रीतिभोज में आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में उत्सवी वातावरण बना हुआ है.

