सरायकेला/ Bipin Varshney जिले के गम्हरिया प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय रघुनाथपुर इन दिनों गंभीर समस्या से जूझ रहा है. लगातार हो रही बारिश के कारण विद्यालय परिसर में घुटने भर पानी जमा हो गया है. स्कूल परिसर, कक्षाएं, प्रधानाध्यापक कक्ष और मुख्य प्रवेश द्वार सभी जलजमाव से प्रभावित हैं. इस कारण छात्र- छात्राओं और शिक्षकों को विद्यालय आने- जाने में भारी परेशानी हो रही है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क का पानी बहकर सीधे विद्यालय में घुस आता है. इससे परिसर की स्थिति और भी भयावह हो जाती है. कीचड़, गंदगी और दुर्गंध के बीच बच्चों को पढ़ाई के लिए आना पड़ता है, जिससे उनकी सेहत और शिक्षा दोनों पर बुरा असर पड़ रहा है.
सबसे चिंताजनक बात यह है कि विद्यालय भवन के ऊपर से हाई वोल्टेज बिजली की तारें गुजर रही हैं. गीले वातावरण में यह किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. स्थानीय निवासी सुदाम गिरी ने प्रशासन से अविलंब जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और हाई वोल्टेज तार को हटाने की मांग की है.
ग्रामीणों में आक्रोश है कि स्कूल प्रबंधन समिति और शिक्षा विभाग इस गंभीर समस्या पर मौन है. यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीण आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं.

